NEWS PR डेस्क : महुआ विधानसभा क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को बेहतर फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत 42 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। बिहार सरकार के खेल विभाग की ओर से वैशाली जिले के तीन स्थानों पर मल्टी जिम स्थापित किए जाएंगे।

यह पहल महुआ विधानसभा क्षेत्र के विधायक के प्रयासों और बिहार सरकार के PHED मंत्री संजय सिंह के सहयोग से संभव हुई है। मल्टी जिम की स्थापना का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यायाम और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

महुआ में दो स्थानों पर बनेगा मल्टी जिम
स्वीकृत योजना के तहत महुआ प्रखंड में दो जगहों पर मल्टी जिम स्थापित किए जाएंगे। इनमें गांधी मैदान, ब्लॉक ऑफिस क्षेत्र और अनुमंडल अस्पताल परिसर शामिल हैं। इन दोनों स्थानों पर आधुनिक मल्टी जिम की सुविधा उपलब्ध होने से आसपास के युवाओं और खिलाड़ियों को नियमित व्यायाम के लिए बेहतर जगह मिल सकेगी।

चेहराकलां में भी मिलेगी सुविधा
वहीं, चेहराकलां प्रखंड के राजकीयकृत बी.एन. उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेहान के परिसर में भी मल्टी जिम स्थापित किया जाएगा। इससे स्कूल के विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास के युवाओं को भी फिटनेस और खेल गतिविधियों के लिए सुविधा मिलने की उम्मीद है।
युवाओं और खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
तीन स्थानों पर मल्टी जिम की स्थापना को क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे युवाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
क्षेत्र के विकास और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसी योजनाओं को लगातार आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। 42 लाख रुपये की यह स्वीकृति महुआ विधानसभा क्षेत्र में खेल और फिटनेस सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।