NEWS PR डेस्क : जापानी शिष्टमंडल ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से मुलाकात कर बोधगया के समग्र विकास को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में बोधगया को जापान के क्योटो शहर की तर्ज पर एक आदर्श आध्यात्मिक नगर के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार बोधगया को एक सुव्यवस्थित, शांत और अंतरराष्ट्रीय स्तर का आध्यात्मिक केंद्र बनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि महाबोधि कॉरिडोर योजना के अंतर्गत भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख स्थलों का व्यापक विकास किया जाएगा, ताकि बोधगया वैश्विक शांति और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन सके। इस अवसर पर जापानी प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को जापान भ्रमण का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
बोधगया को जापान के ऐतिहासिक और अनुशासित शहर क्योटो की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। इसी क्रम में करीब सौ सदस्यीय जापानी शिष्टमंडल ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल जापान की सबसे प्राचीन बौद्ध मठ के मुख्य पुजारी इजेन ओनिसी के नेतृत्व में बोधगया आया था और उसने वहां स्थित विभिन्न प्रमुख बौद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी किया।
मुलाकात के दौरान जापानी प्रतिनिधियों ने विधानसभा अध्यक्ष को खादा पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बोधगया को केवल धार्मिक केंद्र तक सीमित न रखते हुए एक सुव्यवस्थित, शांत और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आध्यात्मिक नगर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में जापान के क्योटो शहर के मॉडल को अपनाकर बोधगया के समग्र विकास की योजना बनाई जा रही है।
डॉ. प्रेम कुमार ने भारत और जापान के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और बौद्धिक रिश्तों की चर्चा करते हुए कहा कि आने वाले समय में जापान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और बौद्ध अनुयायी भगवान बुद्ध के दर्शन के लिए बोधगया पहुंचेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संबंध दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक सहयोग को और मजबूत करेगा।
इस दौरान उन्होंने महाबोधि कॉरिडोर योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके अंतर्गत बोधगया और आसपास स्थित भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख स्थलों का समग्र विकास किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र विश्व शांति, करुणा और अहिंसा का वैश्विक प्रतीक बन सके।
मुलाकात के समापन पर जापानी शिष्टमंडल ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष को जापान यात्रा का औपचारिक निमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल के व्यवस्थापक सहोजि कोयामा, ताकाहीरा कोयामा और जिमी ने कहा कि बोधगया की यात्रा उनके लिए अत्यंत भावनात्मक और सौभाग्यपूर्ण अनुभव रही।