एलपीजी व्यवस्था पर कड़ी निगरानी: बहेड़ी के होटल पर प्राथमिकी, छापेमारी तेज

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा,22 मार्च। एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले भर में गैस एजेंसियों, गोदामों और होटलों पर लगातार औचक निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को जिले में 10,186 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 12,982 सिलेंडर विभिन्न एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं। वहीं, आज 22 मार्च को 10,690 नए सिलेंडरों की आपूर्ति होने की संभावना है, जिससे कुल 23,672 सिलेंडर वितरण के लिए उपलब्ध रहेंगे।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्रखंड-पणन पदाधिकारियों द्वारा सख्ती से निगरानी की जा रही है। 21 मार्च को 57 स्थानों पर और 22 मार्च को 18 स्थानों पर औचक छापेमारी की गई। इसी दौरान बहेड़ी क्षेत्र में एक होटल में घरेलू गैस के अवैध उपयोग का मामला सामने आया। ब्रदर्स होटल में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पकड़े जाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सभी गैस एजेंसियों द्वारा घर-घर सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें।

जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे जिले में गैस वितरण व्यवस्था की लगातार और गहन निगरानी जारी है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Share This Article