NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज प्रखंड अंतर्गत सोनासती गांव की बहू सोनम कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पद पर चयनित होकर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया और बधाई देने वालों का तांता लग गया।

सोनम कुमारी सोनासती निवासी एवं जीएसटी इंस्पेक्टर राहुल कुमार चौबे की पत्नी हैं। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। सोनम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति राहुल कुमार चौबे, ससुर राकेश चौबे और सास शीला देवी को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।
शिक्षा और संघर्ष की प्रेरक कहानी
सोनम की प्रारंभिक शिक्षा अरेराज में हुई। इसके बाद उन्होंने मोतिहारी वुमेंस कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और राजस्थान से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। विवाह के बाद गृहिणी की जिम्मेदारियां निभाते हुए भी उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना नहीं छोड़ा।ऑनलाइन कक्षाओं और सेल्फ स्टडी के माध्यम से उन्होंने लगातार तैयारी जारी रखी और आखिरकार अपने दूसरे प्रयास में BPSC परीक्षा में सफलता प्राप्त कर BDO पद पर चयनित हुईं।
जरूरतमंदों की सेवा होगी प्राथमिकता
सोनम कुमारी ने कहा कि BDO के रूप में उनकी पहली प्राथमिकता समाज के वंचित, गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पद केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर भी है। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
