Swara Bhasker Controversy: ‘पद्मावत’ के जौहर बयान पर पटना में शिकायत, बीजेपी नेता ने मांगी कार्रवाई

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर की फिल्म पद्मावत के जौहर सीन को लेकर की गई टिप्पणी अब बिहार तक पहुंच गई है। उनके बयान के विरोध में पटना के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी नेता कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू ने पुलिस से अभिनेत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कृष्णा सिंह का आरोप है कि स्वरा भास्कर की टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय महिलाओं और देश की माताओं-बहनों के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बीजेपी नेता ने अभिनेत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘वुमन, लाइफ, फ्रीडम’ टॉक के दौरान स्वरा भास्कर की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। कार्यक्रम में पद्मावत के जौहर सीन का जिक्र करते हुए अभिनेत्री ने सवाल उठाया था कि ऐसे दृश्यों से रेप सर्वाइवर्स तक क्या संदेश जाता है। स्वरा ने सवाल किया था कि क्या महिलाओं को यह संदेश दिया जाना चाहिए कि यदि वे ‘इज्जतदार’ और ‘बहादुर’ हैं तो उन्हें अपनी जान दे देनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या रेप किसी महिला की जिंदगी का अंत माना जाना चाहिए।
‘थिएटर में ही छी कह दिया था’
स्वरा भास्कर ने फिल्म के एक दृश्य का जिक्र करते हुए कहा था कि एक गर्भवती महिला को भी जौहर के लिए जाते हुए दिखाया गया है। अभिनेत्री के मुताबिक, इस दृश्य को देखकर उन्हें काफी गुस्सा आया और उन्होंने थिएटर में ही ‘छी’ कहा था। उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के करीब पांच दिन बाद उन्होंने निर्देशक संजय लीला भंसाली को एक ओपन लेटर भी लिखा था।
पटना में शिकायत के बाद क्या कहा बीजेपी नेता ने?
शिकायत दर्ज कराने के बाद कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी समुदाय या वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को लेकर जल्द ही आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। जरूरत पड़ने पर कोर्ट का रुख करने की बात भी उन्होंने कही है। पुलिस की ओर से शिकायत की जांच करने और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया ट्रोलिंग के बाद स्वरा ने दी सफाई
विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग के बाद स्वरा भास्कर ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। अभिनेत्री ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। स्वरा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा था। उनका सवाल फिल्म में जौहर के चित्रण और उसके संभावित संदेश को लेकर था। बल्कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
पद्मावत के जौहर सीन को लेकर क्यों हुआ विवाद?
संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत में कहानी के क्लाइमैक्स के करीब चित्तौड़ के किले में जौहर का दृश्य दिखाया गया है। फिल्म की कहानी के अनुसार अलाउद्दीन खिलजी की सेना राजपूतों को पराजित कर किले में प्रवेश करती है। इसके बाद रानी पद्मावती का किरदार निभा रहीं दीपिका पादुकोण किले की अन्य महिलाओं के साथ जौहर करती हैं।

फिल्म में इस घटना को पकड़े जाने से बचने के लिए महिलाओं द्वारा स्वयं को अग्नि के हवाले करने के रूप में चित्रित किया गया है। इसी दृश्य को लेकर स्वरा भास्कर की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हुआ और उन पर ऐतिहासिक बलिदान का अपमान करने के आरोप लगाए गए।

Share This Article