14 मार्च को शपथ लेंगे बिहार के नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन, लोक भवन में होगा समारोह

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार को शनिवार को नया राज्यपाल मिलने जा रहा है। लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन 14 मार्च को राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। पटना स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे के बाद आयोजित होगा।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लोक भवन में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल और अतिथियों के स्वागत की विशेष व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे।

नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन गुरुवार को पटना पहुंचे, जहां जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उनका स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट किया। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से उन्हें पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं और लेफ्टिनेंट जनरल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। करीब चार दशकों के सैन्य करियर में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अपने अनुभव और रणनीतिक समझ के कारण उन्हें सुरक्षा मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। अब राज्यपाल के रूप में वह बिहार में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

सैयद अता हसनैन बिहार के वर्तमान राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लेंगे। आरिफ मोहम्मद खान ने पिछले वर्ष 2 जनवरी को बिहार के राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाला था और उनका कार्यकाल अब समाप्त हो रहा है। इससे पहले वह केरल के राज्यपाल भी रह चुके हैं।

नए राज्यपाल के रूप में सैयद अता हसनैन के कार्यभार संभालने के बाद अब इस बात पर नजर रहेगी कि अपने सैन्य और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर वह राज्य में किस प्रकार की नई पहल करते हैं।

Share This Article