राज्यसभा चुनाव में तेजस्वी के साथ हो गया खेला ! NDA के सभी 202 विधायकों ने डाला वोट, महागठबंधन के 4 MLA गायब

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। राज्यसभा की 11 सीटों के लिए सोमवार को बिहार, हरियाणा और ओडिशा में मतदान जारी है। देशभर में इस बार राज्यसभा की कुल 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटों पर मतदान कराया जा रहा है। इन सीटों के नतीजे भी आज देर शाम तक घोषित होने की संभावना है।

बिहार में पांच सीटों के लिए विधानसभा परिसर में मतदान चल रहा है। एनडीए खेमे के लगभग सभी विधायक अपना वोट डाल चुके हैं, जबकि महागठबंधन खेमे में कुछ विधायकों की अनुपस्थिति से सियासी हलचल बढ़ गई है।

बिहार से जेडीयू की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर मैदान में हैं। वहीं भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार उम्मीदवार हैं। पांचवीं सीट के लिए एनडीए समर्थित उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा हैं। महागठबंधन की ओर से आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह इस सीट के लिए मुकाबले में हैं।

इस बीच कांग्रेस के तीन विधायक अब तक मतदान के लिए विधानसभा नहीं पहुंचे हैं। इनमें वाल्मीकिनगर के विधायक सुरेंद्र प्रसाद, फारबिसगंज के विधायक मनोज विश्वास और मनिहारी के विधायक मनोहर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा आरजेडी के विधायक फैसल रहमान भी अभी तक मतदान करने नहीं पहुंचे हैं।

इन चार विधायकों की अनुपस्थिति से महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह की चिंता बढ़ गई है। महागठबंधन के नेता लगातार इन विधायकों से संपर्क करने की कोशिश में लगे हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के तीनों विधायक फिलहाल पटना में ही मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद वे अब तक विधानसभा पहुंचकर मतदान नहीं कर पाए हैं। इसको लेकर महागठबंधन खेमे में बेचैनी बढ़ गई है और पार्टी नेतृत्व पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

उधर विधानसभा परिसर में मतदान की प्रक्रिया जारी है और इन विधायकों की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

Share This Article