बिहार: शराब धंधेबाज को पकड़ने गए थानाध्यक्ष की जमकर पिटाई, बंधक बनाकर की गई हाथापाई

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। मधुबनी में शराब धंधेबाज को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ही हमला हो गया। इस दौरान लोगों ने थानाध्यक्ष के साथ हाथापाई व मारपीट की है। घटना अरेर थानाक्षेत्र के मुरेठ गांव की है। जानकारी के मुताबिक कलुआही थानाध्यक्ष प्रेमराज पुरुषोत्तम देव के साथ हाथापाई व मारपीट करते हुए उन्हें बंधक बना. गया। हालांकि लोगों का कहना है कि वह वहां अवैध वसूली कर रहे थे। इसलिए उनके साथ हाथापाई हुई।

थानाध्यक्ष को मुरैठ के मुखिया मो. फारुक व कई अन्य लोगों के प्रयास से एक घंटे बाद मुक्त कराया जा सका। वहीं कलुआही थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शराब धंधेबाज को पकडऩे के बाद वहां मौजूद दो दर्जन से अधिक लोगों ने पुलिस से बदसलूकी की। भीड़ ने धंधेबाज को भगा दिया।

घटना मंगलवार की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। दूसरी ओर ग्रामीण मो. सत्तार, मो. फारुख, मो. इदरीश, मो. खुर्शीद आदि ने बताया कि मुरेठ ईदगाह के सामने एक ट्रक से बालू उतारा जा रहा था। उसी समय कलुआही थानाध्यक्ष पहुंचे।

उन्होंने अपने थाना क्षेत्र की जगह अरेर थाना क्षेत्र में घुसकर उस ट्रक को कब्जे में लेने की कोशिश की। जिसके बाद स्थानीय दो युवकों को पकड़ कर पिटाई कर दी। उन्हें पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश करने लगे। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने थानाध्यक्ष की पिटाई कर दी। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि मुरेठ ग्राम कचहरी के सरपंच के ससुर अब्दुल सत्तार मंगलवार की सुबह लकड़ी चिरान करवाने कलुआही बाजार जा रहे थे। थानाध्यक्ष ने लकड़ी लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया। उसे छोडऩे के नाम पर दो लाख रुपये मांगने लगे।

Share This Article