NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 19 फरवरी 2026: मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने की दिशा में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मिथिला लोक उत्सव 2025-26 के सफल आयोजन को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्सव का आयोजन 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को चयनित स्थलों पर किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन ऑडिटोरियम, दरभंगा में, जबकि खेल एवं अन्य गतिविधियाँ नेहरू स्टेडियम (पोलो मैदान) में संपन्न होंगी।
लोक संस्कृति और कला का संगम
उत्सव में लोक नृत्य, लोक गायन, हिंदी एवं मैथिली गायन, नाटक, लोक गाथा तथा हास्य कलाकारों की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। स्थानीय प्रतिभाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी मंच साझा करेंगे।
खेल प्रतियोगिताओं के तहत हराही पोखर में नौकायन और पोलो मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
कलाकारों का होगा सम्मान
मिथिला की लोक परंपरा, कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विधाओं के उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सर्व-भाषा कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न भाषाओं के कवि अपनी रचनाएँ प्रस्तुत करेंगे।
आकर्षक स्टॉल और विभागीय भागीदारी
पोलो मैदान में आजीविका, नगर निगम, कृषि विभाग, आईसीडीएस, जीविका, वन विभाग, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सुधार डेयरी, अग्निशमन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, उद्योग विभाग, मखाना अनुसंधान केंद्र, बैंकिंग संस्थान, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, पशुपालन विभाग, डीएलएसए एवं किलकारी संस्थान द्वारा आकर्षक एवं उपयोगी स्टॉल लगाए जाएंगे।
मिथिला पेंटिंग को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें मंच और पहचान मिल सके। मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन ऑडिटोरियम, पोलो मैदान और समाहरणालय की दीवारों पर कराया जाएगा। उत्कृष्ट कलाकारों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
समयबद्ध तैयारी के निर्देश
डीएम श्री कौशल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियाँ समन्वित एवं प्रभावी ढंग से समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि उत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, नजारत उप समाहर्ता पवन कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती वृषभानु चंद्रा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मिथिला लोक उत्सव 2025-26 को लेकर दरभंगा में उत्साह का माहौल है और इसे क्षेत्रीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।