NEWS PR डेस्क: राज्य के सुदूर इलाकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अच्छी शिक्षा की दिशा में एक अहम पहल की गई है। सत्र 2026-27 के लिए मॉडल स्कूलों में वर्ग नवम में नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र 20 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह पहल राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), पटना की ओर से की जा रही है। परिषद की संयुक्त निदेशक सह प्रशासक सुषमा कुमारी के निर्देश पर जिला स्तर तक आवेदन प्रक्रिया को सक्रिय कर दिया गया है।
11 मार्च को होगी प्रवेश परीक्षा
मॉडल स्कूलों में प्रवेश के लिए परीक्षा 11 मार्च को आयोजित की जाएगी। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। वर्ग आठ में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं वर्ग नवम में नामांकन के लिए पात्र होंगे।
राज्य सरकार की आरक्षण नियमावली के अनुसार कोटिवार आरक्षण लागू रहेगा। खास बात यह है कि अभिभावकों की वार्षिक आय की सीमा (3.5 लाख रुपये) की बाध्यता नहीं रखी गई है और आय प्रमाण पत्र भी अनिवार्य नहीं होगा।
खगड़िया के सात प्रखंडों में चयनित विद्यालय
खगड़िया जिले के सभी सात प्रखंडों से एक-एक उच्च विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में चयनित किया गया है। आपको बता दें कि सभी प्रखंडों में एक-एक स्कूल संचालित करने की योजना है, ताकि ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे मॉडल स्कूल
मॉडल स्कूलों में अनुभवी और विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा आधुनिक शिक्षण पद्धति अपनाई जाएगी
स्मार्ट क्लासरूम
आधुनिक पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला
नियमित टेस्ट सीरीज और प्रदर्शन विश्लेषण
संदेह समाधान सत्र
व्यक्तिगत एवं करियर काउंसलिंग
वर्ग नवम से ही विद्यार्थियों को नीट, जेईई, ओलंपियाड सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी, ताकि उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही प्रतिस्पर्धी माहौल मिल सके।
शिक्षा की नई उम्मीद
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गौंड ने कहा कि मॉडल स्कूलों में नामांकन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उनका मानना है कि यह पहल समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रतिभाशाली बच्चों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। सरकार की इस योजना से ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत हो सकेगी।