NEWS PR डेस्क: पटना, 03 अप्रैल। बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। इसके लिए वे 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे, जहां शपथ ग्रहण के बाद एनडीए के शीर्ष नेताओं से उनकी अहम मुलाकात होने की संभावना है।
राजनीतिक हलकों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि राज्यसभा की शपथ के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसे में बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अटकलें तेज हो गई हैं।
एनडीए खेमे में संभावित चेहरों को लेकर चर्चा जारी है। भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी का नाम सामने आ रहा है, जबकि जदयू की ओर से निशांत कुमार को संभावित चेहरा बताया जा रहा है। हालांकि, अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हो सकती है। माना जा रहा है कि 11 अप्रैल को पटना लौटने के बाद घटनाक्रम और तेज होगा। 14 अप्रैल के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री को राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। बिहार सरकार ने उन्हें Z+ सुरक्षा प्रदान की है। गृह विभाग के अनुसार, बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000 के तहत यह निर्णय सुरक्षा समीक्षा के बाद लिया गया है।