एसपी ने फतेहपुर थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड, आरोपी को पकड़ने के लिए गाड़ी में फरियादी से 5000 का भरवाया था डीजल

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। फरियादी से 5000 रुपए का डीजल भरवाने वाले जिले के फतेहपुर थाना के थानाध्यक्ष को वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। NEWSPR ने फरियादी से डीजल भरवाने का खुलासा पुख्ता प्रमाण सहित किया था। इस खबर को सिर्फ NEWSPR ने ही प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के प्रकाशित होते ही संबंधित मामले में जांच बिठाई गई थी। करीब चार दिनों तक जांच चली और जांच रिपोर्ट मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने आरोपी थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से संस्पेड कर दिया। सस्पेंड थानाध्यक्ष को अब निलंबन अवधि में सामान्य जीवन यापन भत्ता देय होगा। साथ ही इनका मुख्यालय पुलिस केंद्र रहेगा।

अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के एक अधिकारी ने जांच की थी। जांच में वह सारी बातें सामने आई, जिसे NEWSPR ने उजागर किया था। हत्या के आरोपित को पकड़ने के लिए संबंधित केस के आईओ व थानाध्यक्ष दोनों ही सरकारी वाहन से गए थे। आरोपी के पकड़े जाने के बाद फरियादी विपुल कुमार द्वारा 4780 रुपये के डीजल भी भरवाए जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान जब थानाध्यक्ष से जानकारी जुटाई गई, तो उसने अपर पुलिस अधीक्षक के समक्ष यह स्वीकार किया कि एक साथ दोनों सरकारी वाहन के तेल खत्म हो गए थे। इस कारण से तेल भरवाना पड़ा। थानाध्यक्ष के इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और अपनी रिपोर्ट में लिखा कि थानाध्यक्ष का बयान विश्वसनीय प्रतीत नहीं होता है।

Share This Article