पुलिस ने दो गवाहों को जमकर पीटा, एक का बिगड़ा मानसिक संतुलन, दूसरे के शरीर पर कई जख्म

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। मधेपुरा में पुलिस का क्रूर चेहरा सामने आया है। हत्या के एक मामले में पुलिस ने दो गवाहों को थाने में बुलाकर जमकर पिटाई की। पुलिस ने दोनों लोगों को इस कदर पिटा की एक के शरीर पर कई जख्म बन गए। जबकि एक का मानसिक संतुलन ही बिगड़ गया।

बताया जा रहा है कि मधेपुरा जिला के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत बिहारीगंज थाना में बीती रात पुलिस ने इस घटना को अंजाम दिया। दोनों घायल व्यक्ति बिहारीगंज थाना क्षेत्र के जोतैली गांव में हुई मनोहर मेहता हत्याकांड मामले में गवाह थे। जिनका नाम संतोष मेहता और श्यामल मेहता बताया जा रहा है। घायल संतोष मेहता ने बताया कि पुलिस उसे घर से उठाकर पूछताछ के लिए थाने ले गयी लेकिन थाने में उसे एक कमरे में बंद कर बुरी तरह से पीटा गया। पुलिस उसे हत्या का आरोप श्यामल मेहता पर लगाने का दबाब बना रही थी। जब वह नहीं बोला तो पुलिस उसे घर पहुंचा दी। वहीँ एक अन्य शयामल मेहता को पुलिस खुद चोरी-छिपे मधेपुरा के जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।

दरअसल, बिहारीगंज थाना क्षेत्र के जोतैली निवासी मनोहर मेहता की बीते 31 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में गावं की महिला मुखिया समेत 5 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। लेकिन पुलिस अब तक इस मामले में कुछ खुलासा नहीं कर पायी है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस के खिलाफ लोगों का आक्रोश भी सामने आ रहा है। लोगों का आरोप है कि पुलिस अब परिवारवालों और गवाहों को ही टॉर्चर कर रही है। वहीं जदयू जिला अध्यक्ष मांजू कुमारी उर्फ गुड्डी देवी भी घायलों से मिलने मेडिकल कॉलेज पहुंची और दोषी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच वरीय अधिकारी से करायी जा रही है। दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई होगी।

मधेपुरा से रजनीश सिंह की रिपोर्ट

Share This Article