युवक ने कहा चेहरे पर घमंड है न…कहकर फेंक दिया तेजाब, अपने भाई के साथ छत पर सो रही थी युवती

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। भोजपुर जिले में एक लड़की के चेहरे पर सिरफरे युवक ने तेजाब फेंक दिया। लड़की पूरी तरह झुलस गई। घटना में लड़की का फुफेरा भाई भी झुलस गया। परिजनों ने लड़की को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी मुझ पर बात करने का दबाव बनाता था। मैं मना करती थी तो कहता था चेहरे पर घमंड है ना तुम्हें, जला दूंगा। आपको बता दें कि आरोपी ने शनिवार की रात में करीब 1:30 बजे छत पर सो रही युवती के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। घटना के बाद ASP हिमांशु, टाउन थाना और मुफस्सिल थाना मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।

घटना गंगहर गांव की है। पीड़िता के घर पर शुक्रवार को उसके चाचा जय प्रकाश का तिलक था। शादी 31 मई को है। शनिवार की मध्य रात्रि सभी घर के सदस्य सोने के लिए छत पर चले गए। आरोपी अमरजीत कुमार रात में घर की छत पर चढ़ गया। उसके बाद पीड़िता जहां सो रही थी, वहां पहुंचा। यहा अमरजीत ने पीड़िता के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। इस दौरान पीड़िता के बगल में सो रहा 8 वर्षीय फुफेरा भाई भी झुलस गया। घटना के दौरान चीख-पुकार मची तो आरोपी भाग निकला।

आरोपी अमरजीत ने रविवार को अपने दो रिश्तेदारों को लड़की की स्थिति जानने के लिए अस्पताल के बर्न वार्ड भेजा था। जहां दोनों लड़के मौके पर पहुंचकर लड़की का वीडियो बना रहे थे। लेकिन परिजनों का आक्रोश भड़क उठा और दोनों लड़कों को पकड़ लिया और जमकर लात–घुसे से धुनाई कर दी। इसके बाद दोनों लड़कों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

पीड़िता ने घटना के बारे में बताया कि अमरजीत उसे लगभग डेढ़ सालों से एकतरफा मोहब्बत किया करता था। लेकिन लड़की उससे प्यार नहीं करती थी। प्रेमी अमरजीत इसी बात को लेकर हमेशा लड़की को तेजाब से जला देने की धमकी दिया करता था। अमरजीत, पीड़िता को बार बार मिलने के लिए फोर्स किया करता था।

लड़की ने बताया कि वो धमकी दिया करता था कि अगर तुम मुझसे मिलने नहीं आओगी तो तुम्हारा ये चेहरा जला देंगे। बहुत घमंड है न तुमको इस चेहरे पर। इतना ही नहीं आरोपी लड़की से शादी करना चाहता था। लेकिन लड़की के मना करने के बाद उसने इस भयानक वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद से ही लड़की की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

पीड़िता के पिता अपने परिवार के पालन–पोषण के लिए दमन में रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं। पीड़िता अपने परिवार में दो भाई और दो बहनों में दूसरी नंबर पर है। पीड़िता इस बार मैट्रिक की परीक्षा पास कर इंटर में नामांकन कराया गया है। मामला की सूचना मिलने के बाद भोजपुर के ASP हिमांशु सदर अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों से बात किया। उसके बाद उन्होंने बताया कि इस घटना में लड़की से अभी बात नहीं हो पाई है, लेकिन पीड़िता को जो मुआवजा बनता है, उसे दिया जायेगा। इधर दो लोगों को पुलिस ने दबोचा भी है, जिनसे पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी। जो भी इस कांड में शामिल हैं, उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article