फिर एक नाबालिग बच्‍ची के साथ 65 साल के बुजुर्ग ने किया घिनौना काम, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Sanjeev Shrivastava

NEWSPR डेस्क। जहानाबाद में 65 साल के एक बुजुर्ग ने पांच साल की बच्‍ची के साथ हैवानियत भरी वारदात को अंजाम दिया। यह शर्मनाक घटना मखदुमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को हुई। इस गांव में रहने वाले 65 वर्षीय राजनंदन यादव उर्फ गुरुजी नाम के शख्‍स ने अबोध बच्‍ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले इस कुकर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना उस समय हुई जब बच्ची की मां गांव में मजदूरी करने गई थी। घर में कोई नहीं था। बुजुर्ग शख्‍स की कारस्‍तानी से गांव के लोग सन्‍न हैं। पुलिस का कहना है कि उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार पीड़‍ित बच्‍ची के पिता राजगीर में किसी एजेंसी में काम करते हैं। शनिवार को घर के आगे बच्ची खेल रही थी।

उसे अकेली पाकर गांव के ही राजनंदन नाम के एक बुजुर्ग ने उसे बहलाया और बाद में एकांत जगह पर ले जाकर उसके साथ जबर्दस्ती की। बच्ची की मां दोपहर खाना खाने घर लौटी तो मासूम खून से लथपथ मिली। वह दर्द के कारण लगातार रोए जा रही थी। मां ने कारण पूछा तो उसने घटना की पूरी जानकारी दी।

पीड़‍िता की मां के बयान पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला थानाध्यक्ष अलका सोनी के अनुसार बच्ची की मेडिकल जांच जहानाबाद सदर अस्पताल में कराई गई। इसके बाद दुष्कर्म करने वाले राजनंदन यादव उर्फ गुरुजी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष के अनुसार पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। स्पीडी ट्रायल कराकर दोषी को सजा दिलाई जाएगी।

विक्रांत की रिपोर्ट…

Share This Article