NEWS PR डेस्क: पटना में सार्वजनिक स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने शहर की सुंदरता को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कोचिंग संस्थान, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और संगठन दीवारों, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगाकर शहर की छवि खराब कर रहे हैं।
नगर निगम के अनुसार, बोरिंग रोड, पटना जंक्शन, डाकबंगला चौराहा समेत शहर के प्रमुख इलाकों में डिवाइडर्स और सार्वजनिक स्थलों पर सबसे अधिक बैनर-पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के तहत यदि कोई व्यक्ति, संस्था या प्रतिष्ठान सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर या बैनर लगाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ बिहार नगरपालिका अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि कहीं अवैध रूप से बैनर-पोस्टर लगे हों, तो इसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 155304 पर दी जा सकती है।
पटना नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत जन-जागरूकता अभियानों के साथ-साथ दीवारों को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक पहल भी की जा रही है। मधुबनी पेंटिंग और एस्थेटिक वॉल पेंटिंग्स के जरिए पटना की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत कर शहर को नई पहचान दी जा रही है।