NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर में 13 वर्षीय शिब्बू खान की हत्या के विरोध में हजारों लोग सड़क पर उतर आए। मेघवल मठिया गांव में लोगों ने मशाल जुलूस निकालकर शिब्बू को न्याय दिलाने और हत्याकांड में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जुलूस में महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए, हाथों में जलती मशालें और मोमबत्तियां लेकर निकले लोगों ने शिब्बू के लिए इंसाफ की आवाज बुलंद की। जुलूस मृतक के घर से शुरू होकर मेघवल और मठिया गांव से गुजरते हुए सरकारी विद्यालय तक पहुंचा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री नंदकिशोर राम के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने मामले में त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। मासूम शिब्बू की हत्या से आक्रोशित लोगों ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील की।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-