सबौर कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेले का आगाज़, शाहनवाज हुसैन ने किया उद्घाटन

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर। भागलपुर के सबौर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन और विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन के बाद शाहनवाज हुसैन ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों, वैज्ञानिकों तथा छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा कृषि अनुसंधान और तकनीकी विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय किसानों को आधुनिक खेती की तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मेले में लगे ऑर्गेनिक उत्पादों के स्टॉल ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। खास तौर पर जैविक तरीके से तैयार किए गए सिंदूर के स्टॉल को लेकर शाहनवाज हुसैन ने विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि यहां तैयार किया गया सिंदूर पूरी तरह जैविक है और भारतीय संस्कृति में सिंदूर का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।

तीन दिनों तक चलने वाले इस राष्ट्रीय किसान मेले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, कृषि यंत्र, जैविक खेती, पशुपालन और बागवानी से संबंधित नई जानकारियां दी जा रही हैं। बड़ी संख्या में किसान मेले में पहुंचकर नई तकनीकों और नवाचारों के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस मेले का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती की ओर प्रेरित करना और कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों को बढ़ावा देना है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

Share This Article