ट्रेन हादसे में भोजपुर के आर्मी जवान की मौत, राजस्थान के जैसलमेर में पोस्टेड था, बीकानेर-दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन से टेंपरेरी ड्यूटी में जा रहा था दिल्ली

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। भोजपुर के रहनेवाले आर्मी जवान की मौत हो गई। वो राजस्थान के जैसलमेर में पोस्टेड थे। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार को राज सिंह अपने बटालियन के साथ बीकानेर-दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन से टेंपरेरी ड्यूटी में दिल्ली जा रहे थे। इसी बीच रतनपुरा स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर उनकी मौत हो गई। वो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मथवलिया गांव के रहनेवाले थे। मंगलवार की देर रात उनका शव गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही पूरा गांव ‘भारत माता की जय’, ‘राज सिंह अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा। गांव के लोग हाथों में तिरंगा लहराते शव के पीछे चलते दिखें। सैकड़ों बाइक सवार नौजवान जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की गाड़ियां चलती रही।

मृतक जवान की पत्नी प्रियंका देवी ने बताया कि रविवार शाम को बात हुई थी। तब राज ने कहा था कि अपने साथी के साथ जूता खरीदने गया है, बाद में बात करुंगा।’ इसके बाद रविवार रात ही करीब साढे़ 10 बजे फोन पर राज से अंतिम बार बात हुई थी। तब राज ने पत्नी से कहा- “जानू मैं खाना खा रहा हूं, बाद में बात करता हूं।” इसके बाद वह सो गई। मृतक जवान राज सिंह दो भाई थे। वो अपने दो भाइयों में बड़ा था। उनकी नौकरी वर्ष 2016 में हुई थी। उसकी दूसरी पोस्टिंग राजस्थान के जैसलमेर में हुई थी। राज की शादी 2017 में 28 मई को हुई थी। उनका छोटा भाई अंजनी सिंह CRPF के कोबरा कमांडो में झारखंड में पोस्टेड है। मृतक के पिता देवनाराण सिंह नहर विभाग के रिटायर कर्मचारी थे।

अपने बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद मां मीणा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वो बेटे का शव देख मां बार-बार बेसुध हो रही थी। इस घटना में पत्नी प्रियंका देवी 15 तारीख को मौत के खबर सुनने के बाद से ही बेसुध पड़ी है। मृतक जवान के दोनों बच्चे भी अपने पिता के शव को देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगे। मृतक जवान राज सिंह उर्फ अनित की मौत के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। सभी की आंखें नम हो गई।

Share This Article