NEWS PR डेस्क :बिहार के गया में दरोगा के दो बेटों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नवरात्र की नवमी के दिन हुई सनसनीखेज गोलीबारी के बाद से फरार चल रहे दो आरोपियों श्याम बिहारी और गौरव कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया।
बताया जा रहा है कि बीती देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिछी गांव में पुलिस और एसटीएफ की टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस कार्रवाई के बाद गया पुलिस की जांच में एक अहम पड़ाव सामने आया है। दरोगा के बेटों पर गोली चलाने के मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। अब दो आरोपियों के घायल होने के बाद पुलिस इस वारदात से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि श्याम बिहारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत चार मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि गौरव कुमार के खिलाफ भी एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ और मामले में आगे की जांच की तैयारी कर रही है।
नवरात्र की नवमी को दरोगा के दो बेटों को मारी गई थी गोली
गौरतलब है कि नवरात्र की नवमी के दिन गया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में गोलीबारी की घटना हुई थी। यहां मोतिहारी में तैनात दरोगा पिंटू सिंह के दो बेटों मोनू सिंह और रानू सिंह को गोली मार दी गई थी। इस हमले में छोटे बेटे रानू सिंह की मौत हो गई थी, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
बताया जाता है कि घटना से पहले किसी बात को लेकर दोनों भाइयों और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान गोलीबारी की गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी थी।
मामले में 12 लोगों के खिलाफ केस, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में कुल 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की जानकारी है। इससे पहले पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब श्याम बिहारी और गौरव कुमार के घायल अवस्था में पकड़े जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
गया में दरोगा के बेटों को गोली मारने वाले 2 आरोपियों का हाफ एनकाउंटर, अन्य की तलाश जारी