उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: बीजेपी ने जारी की पहली लिस्ट, 59 प्रत्याशियों के नामों पर लगी मुहर, सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा से लड़ेंगे चुनाव

Patna Desk

NEWSPRडेस्क। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी हैं। संसदीय बोर्ड की बैठक में 59 प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। वहीं कैबिनेट मंत्रियों, कई बार के विधायकों और बीजेपी सर्वे में मजबूत स्थिति में पाए गए सीटिंग विधायकों को दोबारा टिकट दिए गए हैं।

बता दें कि संसदीय बोर्ड में गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार शामिल थे। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2022 के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है।

विधानसभा चुनावों में प्रत्याशियों के चयन के लिए बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई थी। जिसमें सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक-एक कर प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन किया गया। लेकिन 11 सीटों को लेकर निर्णय नहीं हो पाया। संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद राज्य नेतृत्व की अलग से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ एक-एक सीट पर चर्चा हुई लेकिन फिर भी सहमति नहीं बन पाई।  जानकारी के मुताबिक जिन सीटों पर पेच फंसा हुआ है वे सभी मौजूदा विधायकों की हैं।

Share This Article