पटना में गैंगरेप का वीडियो कर दिया वायरल, फरार आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार की राजधानी पटना से एक शर्मनाक कांड सामने आया। यहां शौच के लिए घर से निकली नाबालिग लड़की के साथ युवकों ने न केवल गैंग रेप किया बल्कि उसका वीडियो भी बनाया। यही नहीं घटना के एक दिन बाद उस वीडियो को वायरल भी कर दिया। इसके बाद दुल्हिनबाजार के इलाके में हड़कंप मच गया। वीडियो तेजी से वायरल होते हुए परिजनों तक पहुंच गया। वीडियो देखते ही परिजन सकते मे आ गए और थाने पहुंच वीडियो में दिख रहे युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई और दुष्कर्मियों की तलाश में जुट गई है।

घटना दुल्हिनबाजार थाना इलाके के ही किसी गांव की बताई जा रही है। गैंगरेप की यह घटना बीते रविवार की शाम की होने की पुष्टि हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार किशोरी शौच के लिए घर से निकली थी। कुछ लड़के भी बधार में थे। शाम की धुंधलका ज्योंहि अंधेरे में बदला कि लफंगों ने उसे घेर लिया। किशोरी कुछ समझ पाती उससे पहले ही लफंगों ने उसके मुंह को दबा दिया। इसके बाद बारी बारी से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। फिर लड़कों ने उसे भय दिखाते हुए इस घटना के बारे में किसी को कुछ भी नहीं बताने की बात कही और वहां से फरार हो गए। जैसे तैसे किशोरी घर पहुंची।

लोकलाज के डर से किशोरी ने किसी को कुछ भी नहीं बताया। लेकिन लफंगों ने दूसरे दिन बनाये गए वीडियो को वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद परिजन थाने पहुंचे और भरतपुरा के अमरेश कुमार और निरहुआ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। उधर घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हैं। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए हर संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है।

Share This Article