बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा अपने दो दिवसीय दौरे के क्रम में बुधवार को गया पहुंचे, जहां उन्होंने गया समाहरणालय में जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के समग्र विकास को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विशेष रूप से किसानों के सर्वांगीण विकास, कृषि क्षेत्र में सुधार और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। बैठक में बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह नगर विधायक डॉ. प्रेम कुमार, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, जिला पदाधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड पर जताई चिंता
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान विजय सिन्हा ने मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में लगी आग की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और घटना की जांच कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव व्यवस्था की जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना
10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार कार्य करने के रिकॉर्ड से जुड़े सवाल पर विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज देश के लिए एक प्रेरणा और वरदान के रूप में कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना अवकाश लिए देश के विकास और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है।
विजय सिन्हा ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन बेदाग रहा है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और हर भारतीय को उन पर गर्व है। हम ईश्वर से उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना करते हैं, ताकि भारत का सम्मान और स्वाभिमान विश्व पटल पर और मजबूत हो सके।” गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट