औरंगाबाद में मामूली विवाद मे दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, बुजुर्ग की मौत, दो महिला सहित 6 घायल

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। औरंगाबाद में हुए मामूली विवाद की वजह से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के कांडी बिगहा गांव की है।  जहां एक मामूली विवाद में न सिर्फ एक 55 वर्षीय व्यक्ति की लाठी डंडे और ईंट पत्थर से पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। वहीं दो महिला समेत 6 लोगों की भी बर्बरतापूर्वक पिटाई की गई। घायल दोनों महिला की हालत काफी गम्भीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान गांव के ही छेदी साव के रूप में की गयी है।

घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मारपीट और हत्या की घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार मृतक का भतीजा पिंटू साव बटाई पर खेती का काम करता था और उसके ट्रैक्टर से गांव के ही निर्भय साव ने डीजल की चोरी कर ली। चोरी की घटना के बाद निर्भय और पिंटू के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। जिसे गांव के ही कुछ ग्रामीणों के द्वारा बीच बचाव करते हुए मामले को सलटा लिया गया। परिजनों ने बताया कि मामले के सुलझ जाने के बाद बुधवार की शाम निर्भय पासवान अपने मित्र धीरज विश्वकर्मा सहित सात आठ की संख्या में लोग पिंटू साव के घर पहुंचे। लाठी डंडे और ईंट-पत्थर से प्रहार करते हुए घर के महिला और पुरूषों सदस्यों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में छेदी साव, धर्मेंद्र साव, राकेश साव, राजेश साव, रानी कुमारी, रीना कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सक ने छेदी साव को मृत घोषित कर दिया और अन्य को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं नामजद आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार है।

औरंगाबाद से रूपेश की रिपोर्ट

Share This Article