NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। तापमान बढ़कर 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गेहूं की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस तापमान पर गेहूं की फसल में ‘हीट स्ट्रेस’ की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे दानों के भराव पर असर पड़ता है और उत्पादन में कमी आ सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक अगर तापमान लगातार इसी स्तर पर बना रहा तो गेहूं की पैदावार में करीब 10 प्रतिशत तक गिरावट संभव है।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेत की मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करते रहें। इससे फसल को गर्मी के प्रभाव से बचाने में मदद मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन का तापमान बढ़ सकता है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है। ऐसे में किसानों को फसल की नियमित निगरानी और समय-समय पर सिंचाई करने की सलाह दी गई है, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके।