NEWS PR डेस्क: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उनके इस्तीफे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। उन्होंने अपना इस्तीफा केंद्र सरकार को भेज दिया है। वहीं, इस घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आश्चर्य जताया है।
सीवी आनंद बोस को वर्ष 2022 में जगदीप धनखड़ के बाद पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। करीब साढ़े तीन साल तक इस पद पर रहने के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया है। उनके कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार और राजभवन के बीच कई मुद्दों को लेकर टकराव की स्थिति भी देखने को मिली थी।
बोस का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा ममता बनर्जी सरकार को चुनौती देने में जुटी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जानकारी मिली है कि आर.एन. रवि पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल हो सकते हैं।
इसी बीच लद्दाख से भी बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने करीब नौ महीने पहले ही यह जिम्मेदारी संभाली थी।
कविंदर गुप्ता इससे पहले जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। फिलहाल उनके इस्तीफे की वजह भी सामने नहीं आई है। लगातार दो संवैधानिक पदों से आए इस्तीफों ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।