NEWS PR डेस्क, पश्चिम चंपारण के विद्यार्थियों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत जिले के आठ प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से वर्चुअल माध्यम के जरिए इन महाविद्यालयों का लोकार्पण किया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों छात्रों, खासकर छात्राओं के लिए अब उच्च शिक्षा का रास्ता और आसान हो जाएगा।

जिले का मुख्य उद्घाटन समारोह चनपटिया प्रखंड के कुमारबाग राजकीय उच्च विद्यालय परिसर में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, चनपटिया के कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन, राजद एमएलसी ई. सौरभ कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इन प्रखंडों में शुरू हुए नए डिग्री कॉलेज
उद्घाटन के साथ जिले के कुमारबाग, मझौलिया, चनपटिया, योगापट्टी, बैरिया, ठकराहां, सिकटा, भितहा और पिपरासी क्षेत्रों में राजकीय डिग्री महाविद्यालयों की शुरुआत हुई। इन कॉलेजों के संचालन से अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ग्रामीण छात्रों और छात्राओं को मिलेगा सीधा लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अभिषेक रंजन और एमएलसी ई. सौरभ कुमार ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेज खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं, विशेषकर छात्राओं को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। साथ ही उन्होंने सरकार से नियमित शैक्षणिक सत्र और समय पर परीक्षाएं कराने की मांग भी की।
एक हजार से अधिक आवेदन, 325 छात्रों का नामांकन
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि जिले के इन नवस्थापित महाविद्यालयों में अब तक 1,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 325 विद्यार्थियों का नामांकन भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी।
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय से संबद्ध होंगे कॉलेज
डीएम ने बताया कि सभी नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर से संबद्ध किया गया है। साथ ही इन कॉलेजों के लिए स्थायी भवनों का निर्माण भी जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन भी देखा और सुना। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
