मधुमक्खी पालन से महिलाओं की आर्थिक उन्नति पर कार्यशाला, ‘मधु ग्राम’ से जुड़ी दीदियों को मिलेगा बाजार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित जीविका कार्यक्रम के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मधु ग्राम महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा शहर के एक निजी होटल में “मधुमक्खी पालन से समृद्धि की ओर” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जीविका के राज्य परियोजना प्रबंधक (नॉन फार्म) समीर कुमार, डीपीएम जीविका मुजफ्फरपुर अनीशा, डीपीएम वैशाली वंदना कुमारी, सुर्दीप्त समदर्शी तथा डाबर के प्रतिनिधि अजय कुमार ने मधुग्राम से जुड़ी दीदियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समीर कुमार ने कहा कि जीविका महिलाओं के जीवन में आर्थिक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है। मधुमक्खी पालन से जुड़ी महिलाएं शहद उत्पादन के जरिए अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि जीविका बड़ी कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर महिलाओं को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है, जिससे शहद की मिठास महिलाओं की तकदीर बदल रही है।

कार्यशाला में मुजफ्फरपुर, वैशाली, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण की जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान इस वर्ष अधिक से अधिक शहद उत्पादन और बिक्री बढ़ाने को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाली दीदियों और कैडर को सम्मानित भी किया गया।

डीपीएम अनीशा ने कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं और शहद उत्पादन के क्षेत्र में भी अच्छा काम कर रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस वर्ष भी लक्ष्य के अनुरूप उत्पादन किया जाएगा। वहीं डीपीएम वैशाली वंदना कुमारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शहद उत्पादन करने वाली दीदियों को बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में प्रयास जारी रहेगा।

डाबर के प्रतिनिधि अजय कुमार ने बताया कि जीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा उत्पादित शहद की गुणवत्ता काफी अच्छी होती है। उन्होंने कहा कि बेहतर गुणवत्ता वाले शहद के लिए कंपनी उचित मूल्य भी प्रदान कर रही है और लक्ष्य के अनुसार उत्पादन होने पर महिलाओं को अच्छा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम का संचालन वैशाली के नॉन फार्म प्रबंधक मनीष कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने चमकी बुखार से बचाव को लेकर जागरूकता की शपथ भी ली। इस अवसर पर संचार प्रबंधक राजीव रंजन, संतोष कुमार, आनंद कुमार, शिवम कुमार, इमरान अली, चुनचुन कुमार सहित कई जीविका कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।

Share This Article