गया: सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और एक वीडियो वायरल होने के बाद गया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन Santosh Kumar Suman से जुड़ा हुआ है, जिनके खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था।

मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपी उमेश कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की थी, जिसके बाद बुधवार रात उसे दबोच लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले उमेश कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने मंत्री संतोष सुमन के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता गया और पुलिस तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि वीडियो में आरोपी ने एक अन्य वायरल मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया था कि एक वीडियो में मांझी समाज को निशाना बनाया गया है। इसी को लेकर उसने मंत्री पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। पकड़ा गया आरोपी भी मंत्री संतोष सुमन के ही समाज से आता है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। आरोपी कुछ समय से फरार था, लेकिन पुलिस ने आखिरकार उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट