‘राहुल गांधी टुकड़े-टुकड़े गैंग को जोड़ने निकले हैं, बिहार में न अपराध बंद है और ना ही शराब’

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बेगूसराय बिहार बीजेपी के नेता गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने अपने सियासी हमले में राहुल गांधी की यात्रा पर सवाल खड़ा किया है। गिरिराज सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तंज कसते हुए कहा है कि राहुल गांधी किसी और काम से यात्रा पर निकले हैं। राहुल गांधी की बिहार में प्रस्तावित यात्रा को लेकर सियासी अटैक करते हुए कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी जा रहे हैं, वहां-वहां कांग्रेस छोड़ो अभियान चल रहा है।

बीजेपी का राहुल पर हमला
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा नहीं, बल्कि टुकड़े-टुकड़े गैंग को जोड़ने के लिए यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में बदनाम करने के लिए यात्रा कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उनकी यात्रा को फेल करार दिया। गिरिराज सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा को देश को बदनाम करने वाली यात्रा करार दिया है।

‘भारत जोड़ो यात्रा फेल’
उसके बाद बिहार सरकार पर बरसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में जबसे नीतीश कुमार बीजेपी को छोड़कर राजद के साथ गए हैं। तब से राज्य में अपराध चरम पर हैं। ये आंकड़ों में है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से न अपराध बंद हो रहा है, ना ही शराब बंद हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध और शराब का चोली दामन का साथ है। लेकिन इन दोनों मामले में नीतीश कुमार विफल साबित हो रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि 2005 से पहले जो शासन था। वहीं शासन अब हो गया है।

बिहार में अपराधी बेलगाम
गिरिराज ने कहा कि जैसे पहले अपराधी बेलगाम थे। लोगों में भय का माहौल था। वहीं शासन अब हो गया है। उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं। अपराधियों में शासन का कोई भय नहीं है। ऐसे में नीतीश कुमार को बेलगाम अपराध पर लगाम लगाना चाहिए। गिरिराज ने कहा कि बढ़ते अपराध को लेकर सर्वदलीय राजनीतिक दलों को एक मुहिम छेड़नी चाहिए। सांसद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपने चार दिवसीय दौरे पर बेगूसराय पहुंचे।

बेगूसराय दौरे पर गिरिराज
आपको बता दें कि मटिहानी थाना के सिहमा गांव में अपराधियों ने क्रांति कुमार की हत्या कर दी थी। उनके परिजनों से मुलाकात करने के बाद गिरिराज सिंह ने मीडिया से बातचीत में ये बातें कही। इसके साथ ही नयागांव थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव में बीजेपी नेता और पूर्व सैनिक की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। इन सभी मामलों को लेकर गिरिराज सिंह ने नीतीश सरकार पर हमला बोला।

 

Share This Article