कुढ़नी उपचुनाव में गिरिराज सिंह को लेकर ओवैसी की पार्टी के नेता का ‘सड़क छाप’ बयान, ये क्या बोल गए अख्तरूल ईमान

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। मुजफ्फरपुर बिहार में कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। इस दौरान सभी पार्टियों के नेता कुढ़नी में कैंप कर रहे हैं। वीआईपी, महागठबंधन और बीजेपी के नेताओं की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ओवैसी की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। अख्तरुल ईमान ने कहा है कि वे लोग गिरिराज सिंह की बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देते। अख्तरुल ईमान कुढ़नी से AIMIM के प्रत्याशी गुलाम मुर्तजा अंसारी के पक्ष में कैंपेन करने पहुंचे थे। इस दौरान अख्तरुल ईमान ने तेजस्वी यादव के साथ गिरिराज सिंह पर बड़ा हमला बोला।

अख्तरुल ईमान ने जनसंपर्क अभियान के दौरान तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला। अख्तरुल ईमान ने कहा कि तेजस्वी यादव अब एमवाई समीकरण को भूल गए हैं। तेजस्वी यादव अब बड़े नेता हो गये हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव हमेशा एमवाई समीकरण को समझते थे। वे हमारी पार्टी को कतई नहीं तोड़ते, लेकिन तेजस्वी यादव एमवाई से इतर एटूजेड समीकरण को साध रहे हैं। इसलिए तेजस्वी यादव अब एमवाई के भरोसे नहीं हैं। अख्तरुल ईमान ने इस दौरान लालू यादव की तारीफ भी की।

अख्तरुल ईमान ने कहा कि हम इंसाफ के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। ओवैसी की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोगों को गुलाम मुर्तजा अंसारी को वोट करना चाहिए। उन्होंने राजद के एमएलसी कारी सोहैब की ओर से लगाए गए आरोपों पर कहा कि जो वार्ड पार्षद का चुनाव नहीं लड़ सकता, वो हमे नसीहत दे रहा है। अख्तरुल ईमान ने राजद में परिवर्तन की बात कही। उन्होंने कहा कि तेजस्वी अलग हैं और लालू यादव पूरी तरह अलग रहे हैं। तेजस्वी सिर्फ अब बड़े लोगों की राजनीति करते हैं।

अख्तरुल ईमान ने इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर तगड़ा अटैक किया। अख्तरुल ईमान ने सड़क छाप भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि गिरिराज सिंह केंद्रीय मंत्री हैं। वो एक संवैधानिक पद पर हैं, लेकिन उनकी भाषा उच्च… की भाषा है। वे उच्च… जैसी बात करते हैं। हमलोग उनकी बात का जवाब देना पसंद नहीं करते हैं। कहा जा रहा है कि अख्तरुल ईमान के इस बयान के बाद बिहार में सियासी बवाल मचना तय है। आपको बता दें कि गुरुवार को गिरिराज सिंह ने ओवैसी पर बड़ा हमला किया था।

अख्तरुल ईमान ने कहा कि गिरिराज सिंह को अपनी गरिमा का एहसास नहीं है। उनका पद केंद्रीय मंत्री का है, लेकिन वे गली के उच्चकड़ नेताओं की तरह भाषा बोलते हैं। आपको बता दें कि गुरुवार को गिरिराज सिंह ने कहा कि ओवैसी पूरे देश में जिन्ना की तरह बंटवारा करवाने की फिराक में लगे हुए हैं। लगातार विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। विभेद पैदा करने की साजिश कर रहे हैं,। ये बीज बो रहे हैं देश के हर राज्य में, बिहार में भी बीज में बो रहे हैं। देश के लिए ये खतरनाक है। ओवैसी देश के लिए खतरनाक हैं।

Share This Article