भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के कार्यक्रम में जमकर हंगामा, टूटीं कुर्सियां भी लेकर जाने लगे लोग

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। झारखंड के गढ़वा में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सनसनी गर्ल अक्षरा सिंह के कार्यक्रम में जमकर बवाल हुआ। कार्यक्रम शुरू ही हुआ था कि भीड़ बेकाबू हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने भोजपुरी अभिनेत्री के साथ बदसलूकी कर दी। फिर इस कदर हंगामा हुआ कि पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ गया। जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। हंगामे के दौरान सैकड़ों कुर्सियां तोड़ डाली गईं। इस दौरान कुछ महिलाएं टूटी हुई कुर्सियां लेकर जाती हुई भी नजर आईं।

ये चौंकाने वाला घटनाक्रम जिला मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुआ। यह कार्यक्रम सूबे की सत्ताधारी जेएमएम की ओर से आयोजित किया गया था। बताया जा रहा कि हंगामे के चलते एक्ट्रेस अक्षरा सिंह और उनके साथी कलाकारों ने नाराज होकर प्रोग्राम छोड़ दिया। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में सत्ताधारी गठबंधन ने गुरुवार से ‘खतियानी जोहार’ नाम का कार्यक्रम शुरू किया। इसी के तहत राज्य के सभी जिलों में रैलियां आयोजित की जा रही हैं।

गढ़वा में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य नेताओं ने इस कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को संबोधित किया। इसके बाद इसी मंच पर भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह और निशा सिंह का डांस प्रोग्राम रखा गया था। बताया गया कि भोजपुरी गायिका अक्षरा सिंह स्टेज पर पहुंचीं तो उसी दौरान वहां उपस्थित लोग बेकाबू हो गए। कुछ लोगों ने शोर मचाते हुए कई कुर्सियां तोड़ दी।

हालात बेकाबू होता देख पुलिस प्रशासन एक्टिव हुआ। लोगों को नियंत्रित करने की कोशिशें की गई लेकिन वो विफल रहे तो अक्षरा सिंह मंच से जाने लगीं। अक्षरा सिंह के कार्यक्रम बीच में छोड़ने के बाद महोत्सव में आए लोगों ने उपद्रव करना शुरू कर दिया। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी कर दी। इसके बाद उनके सहयोगी ने जैसे-तैसे उन्हें निकाल कर ले गए। गुस्साए लोगों ने पंडाल में भी तोड़फोड़ की।

Share This Article