बिहार एनडीए ने जदयू प्रदेश कार्यालय में एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसमें सभी सहयोगी दलों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए। इस बैठक में जदयू के उमेश कुशवाहा, भाजपा के दिलीप जायसवाल, लोजपा (रामविलास) के राजू तिवारी, हम पार्टी के अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के मदन चौधरी ने भाग लिया। नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने जानकारी दी कि एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, जिसमें 9 जिलों को कवर किया गया। दूसरा चरण 27 जनवरी से 1 फरवरी तक चलेगा, जबकि तीसरा चरण 6 फरवरी से 10 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दरभंगा, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, समस्तीपुर और वैशाली में सम्मेलन होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि पहले चरण की सफलता से विपक्ष चिंतित हो गया है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की एकता को लेकर विपक्ष गलतफहमी में था, जो अब दूर हो चुकी है। जायसवाल ने कहा कि बिहार में अपराध की समस्या लालू यादव के शासनकाल की देन है और एनडीए इसे समाप्त करने के प्रयास में जुटी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव ने गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल न होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की है।
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलनों में भारी जनसमर्थन देखने को मिल रहा है, जिससे जनता का विश्वास स्पष्ट होता है। उन्होंने विपक्ष को मुद्दाविहीन बताते हुए दावा किया कि 2025 तक विपक्ष का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
बैठक में सभी दलों ने एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों को तेज करने की बात कही और कार्यकर्ताओं से पूरी मजबूती के साथ एनडीए को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।