देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले के लिए आयोजित JEE Main 2025 के रिजल्ट जारी हो चुके हैं। इस बार बिहार के बेगूसराय निवासी हर्ष झा ने अपनी मेहनत और लगन से वो कर दिखाया है, जिसका सपना हर छात्र देखता है। हर्ष ने JEE Main के दोनों सेशंस में 100 परसेंटाइल स्कोर करते हुए टॉपर्स की सूची में अपना नाम दर्ज करवा लिया है।इस साल कुल 24 छात्रों ने 100 परसेंटाइल स्कोर किया है, जिनमें से 22 लड़के और 2 लड़कियां हैं। इस गौरवशाली सूची में हर्ष झा का नाम भी शामिल है।हर्ष का बचपन बिहार के बेगूसराय में बीता है।
उनके पिता झारखंड के गुमला जिले में डीएवी स्कूल में गणित के शिक्षक हैं। हर्ष ने अपनी 10वीं तक की पढ़ाई डीएवी गुमला से पूरी की थी। इसके बाद 12वीं की पढ़ाई के लिए वे दिल्ली चले गए और नांगलोई स्थित एसजीएन पब्लिक स्कूल से शिक्षा प्राप्त की।भले ही उनकी स्कूली पढ़ाई झारखंड और दिल्ली में हुई हो, लेकिन उनकी जड़ें बिहार से जुड़ी हैं। बेगूसराय का यह होनहार बेटा आज बिहारवासियों के लिए गर्व का कारण बना हुआ है।JEE Main में शानदार प्रदर्शन के पीछे हर्ष की कड़ी मेहनत, समय का सही प्रबंधन और निरंतर अभ्यास की अहम भूमिका रही है।अब अगला लक्ष्य JEE AdvancedJEE Main में सफलता के बाद हर्ष अब JEE Advanced की तैयारी में जुट गए हैं। यह परीक्षा आईआईटी जैसे देश के शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले के लिए जरूरी है। हर्ष की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि सच्ची लगन और परिश्रम से कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है.