NEWS PR डेस्क :पटना के फुलवारी शरीफ प्रखंड कार्यालय में मतदान के दौरान उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब बूथ संख्या 20 और 21 पर मतदान में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए। RJD और जनसुराज के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पीठासीन पदाधिकारी की मिलीभगत से जेडीयू प्रत्याशी के पक्ष में जबरन वोट डलवाए जा रहे हैं। इस शिकायत के बाद मतदान केंद्र पर विरोध शुरू हो गया और मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद RJD प्रत्याशी संजीव के भाई पुष्कर नारायण सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मतदान केंद्र पर पहुंचकर विरोध जताया और आरोप लगाया कि एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में वोट डाले जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने बूथ पर फर्जी मतदाताओं के मतदान करने की आशंका भी जाहिर की।
फर्जी मतदान को लेकर भी उठाए सवाल
पुष्कर नारायण सिंह के मुताबिक, सुबह के समय एक कथित फर्जी मतदाता को पकड़ा गया था। उन्होंने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति ने माफी मांगी और बाद में वहां से फरार हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में मजिस्ट्रेट ने उनसे भी माफी मांगने को कहा। इन आरोपों के बाद मतदान केंद्र पर स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पुष्कर नारायण सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
निर्वाचन अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी नजरें
फिलहाल, RJD प्रत्याशी के भाई मतदान केंद्र पर मौजूद हैं और बूथ संख्या 20 व 21 पर कथित फर्जी मतदान को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि निर्वाचन अधिकारी इन शिकायतों पर क्या संज्ञान लेते हैं और जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है। मतदान में गड़बड़ी और फर्जी वोटिंग से जुड़े आरोपों की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही हो सकेगी। पटना से पशुपति नाथ शर्मा की रिपोर्ट