बिहार चुनाव से पहले तीन जिलों में बड़ी कार्रवाई: गोपालगंज से 1 करोड़, भोजपुर से 50 लाख और पटना में इंजीनियर के घर छापा

Jyoti Sinha
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। शुक्रवार को गोपालगंज, भोजपुर और पटना में एक के बाद एक हुई बड़ी कार्रवाई ने पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिला दिया है। चुनावी माहौल के बीच इतनी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने से पुलिस और चुनाव आयोग दोनों सक्रिय हो गए हैं।

गोपालगंज में घर से मिला 1 करोड़ नकद
गोपनीय सूचना के आधार पर थावे थाना पुलिस और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST) ने थावे विधानसभा क्षेत्र के कबिलासपुर गांव में छापेमारी की। इस दौरान संतोष प्रसाद नामक व्यक्ति के घर से बक्सों में रखे करीब 1 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस को मौके से कई बैंक पासबुक और दस्तावेज भी मिले हैं।
संतोष प्रसाद और उनके परिवार से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, संतोष गैस रिपेयरिंग का काम करते हैं, जबकि उनका बेटा चाय की दुकान चलाता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चुनाव से पहले इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किस उद्देश्य से रखी गई थी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

भोजपुर में बाइक की डिक्की से 50 लाख बरामद
भोजपुर जिले में गांगी चेकपोस्ट पर स्टैटिक सर्विलांस टीम (SST) ने देर रात एक बाइक की डिक्की से 50 लाख रुपए नकद जब्त किए। पुलिस ने बाइक सवार दीपक कुमार सिंह (निवासी — सकड़ी गांव, कोईलवर थाना) को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। युवक ने दावा किया कि रकम एक हार्डवेयर कारोबारी की है, लेकिन वह उसके स्रोत का संतोषजनक सबूत नहीं दे सका।

पटना में निगरानी ब्यूरो की छापेमारी
वहीं राजधानी पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की।
कंकड़बाग के इंदिरा नगर स्थित घर और हज भवन के पास स्थित दफ्तर में करीब चार घंटे तक जांच चली, जिसमें 7.5 लाख रुपए नकद और ज्वेलरी बरामद हुई। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अभियंता की संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 44% अधिक है।
सूत्रों के मुताबिक, निगरानी टीम को कई निवेश और जमीन से जुड़े अहम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article