NEWS PR डेस्क: बॉक्स ऑफिस पर जब बड़ी फिल्मों की टक्कर हो, तब टिके रहना आसान नहीं होता। लेकिन रानी मुखर्जी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दमदार कंटेंट और मजबूत परफॉर्मेंस के दम पर किसी भी मुकाबले में अपनी जगह बनाई जा सकती है। शुक्रवार को रिलीज़ हुई उनकी नई फिल्म ‘मर्दानी 3’ ने आते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।
हालांकि थिएटर्स में पहले से मौजूद ‘बॉर्डर 2’ जैसी बड़ी फिल्म के चलते ‘मर्दानी 3’ को सुबह के शोज़ में अपेक्षाकृत ठंडी शुरुआत मिली, लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, फिल्म की पकड़ मजबूत होती चली गई। रानी मुखर्जी की दमदार एक्टिंग की चर्चा का असर दोपहर बाद साफ तौर पर नजर आया और शाम तक थिएटर्स में दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ती गई।
पहले दिन 4 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। इसके साथ ही यह फिल्म रानी मुखर्जी के करियर की सबसे बड़ी सोलो ओपनिंग बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड साल 2019 में रिलीज़ हुई ‘मर्दानी 2’ के नाम था, जिसे 3.80 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली थी।
मिक्स रिव्यू, लेकिन रानी की एक्टिंग पर एक राय
फिल्म को भले ही समीक्षकों से मिक्स रिव्यू मिले हों, लेकिन रानी मुखर्जी की परफॉर्मेंस की हर तरफ तारीफ हो रही है। दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का मानना है कि रानी ने एक बार फिर अपने किरदार में जान डाल दी है और यही फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है।
सोलो फिल्मों पर रानी का भरोसा
आपको बता दें 2010 के बाद से रानी मुखर्जी ने सोलो लीड फिल्मों पर खास फोकस किया है। इस दौरान उन्होंने मेल स्टार्स के साथ सिर्फ दो फिल्में कीं—आमिर खान के साथ ‘तलाश’ और सैफ अली खान के साथ ‘बंटी और बबली 2’। जहां ‘तलाश’ बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, वहीं ‘बंटी और बबली 2’ उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी।
हालांकि सोलो फिल्मों में रानी का ट्रैक रिकॉर्ड मजबूत रहा है। ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी, ‘हिचकी’ और नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी ‘मिसेज चैटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ जैसी फिल्मों ने उन्हें एक भरोसेमंद और दमदार लीड एक्ट्रेस के रूप में स्थापित किया है।
वर्ड ऑफ माउथ से बढ़ेगी रफ्तार?
पहले दिन के आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि अगर फिल्म को मजबूत वर्ड ऑफ माउथ मिलता रहा, तो वीकेंड पर ‘मर्दानी 3’ की कमाई में और इज़ाफा देखने को मिल सकता है। फिलहाल, रानी मुखर्जी की इस फिल्म ने साफ कर दिया है कि महिला-प्रधान सिनेमा भी अब बॉक्स ऑफिस पर बड़ा असर डाल सकता है।