पटना सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सातवीं बार ईमेल से आया संदेश; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल के जरिए भेजी गई इस धमकी के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। लगातार सातवीं बार मिली धमकी ने न सिर्फ न्यायिक व्यवस्था बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए। कोर्ट परिसर में डॉग स्क्वॉड, बम स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आने-जाने वाले सभी लोगों की कड़ी तलाशी ली जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है।

बता दें कि बुधवार को भी दोपहर एक बजे तक सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद एहतियातन कोर्ट को बंद कर दिया गया था। बार-बार मिल रही धमकियों के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है। इसी को लेकर वकीलों ने पटना एसएसपी का घेराव कर धरना भी दिया था और जल्द कार्रवाई की मांग की थी।

आपको बता दें कि पटना ही नहीं, बल्कि बिहार के कई सिविल कोर्ट को पहले भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। इस बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई प्रस्तावित है, लेकिन कोर्ट खुलने को लेकर पटना पुलिस की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया है।

लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को बढ़ा दिया है। अब सबकी निगाहें पुलिस और जांच एजेंसियों पर टिकी हैं कि वे जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करें, ताकि न्यायिक प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Share This Article