NEWS PR डेस्क: महाशिवरात्रि को लेकर पूरे देश के साथ-साथ बिहार के भागलपुर में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। गंगा तट स्थित बूढ़ानाथ मंदिर जिसे बाबा वृद्धेश्वरनाथ मंदिर के नाम से जाना जाता है, इस मंदिर में इस बार विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आयोजन की तैयारी की गई है।

मंदिर परिसर में महंत शिवनारायण गिरी की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि महाशिवरात्रि पर बाबा बूढ़ानाथ महादेव का दिव्य श्रृंगार, आरती और भजन संध्या स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाएगी।

अभिषेक के लिए गंगाजल के साथ करीब पांच क्विंटल दूध, 50 किलो गन्ने का रस और छप्पन प्रकार का भोग चढ़ाया जाएगा। मंदिर को सजाने के लिए कोलकाता से करीब दो लाख रुपये के विशेष फूल मंगाए जा रहे हैं।

अत्यंत प्राचीन माने जाने वाले इस मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि इसका स्थापना त्रेता युग में गुरु वशिष्ठ ने की थी। गंगा तट के किनारे स्थित होने के कारण इसका धार्मिक महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है। महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु सुबह से ही लंबी कतारों में लगकर जलाभिषेक करते हैं और अपनी मनोकामना मांगते हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन और स्थानीय समिति के सदस्य भी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
मंदिर के प्रबंधक वाल्मीकि सिंह ने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन पर खास तौर पर ध्यान दिया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपप्रबंधक दीपक सिंह, डॉ. अजय भारती, अरुण झुनझुनवाला, राकेश कुमार और पुजारी अभिषेक पांडे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कुल मिलाकर, शिवरात्रि को लेकर काफ़ी भव्य तैयारी की गई है और मंदिर परिसर “हर हर महादेव” के जयकारों से गूँज रहा है।