झारखंड सरकार का आगामी बजट तैयार, जानें आर्थिक खाका का अनुमानित आकार

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : झारखंड में बजट पेश होने के साथ ही सियासी गर्माहट बढ़ने वाली है। 24 फरवरी को हेमंत सरकार अपना नया बजट पेश करेगी। शुरुआती संकेतों के अनुसार इस बार बजट का आकार पहले से बड़ा होने की संभावना है, वहीं सदन में सरकार और विपक्ष के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

हेमंत सरकार 24 फरवरी को झारखंड का नया बजट पेश करने जा रही है। इस बार का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस बार का बजट पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 8-10% बड़ा होने की संभावना है। फिलहाल वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और उनकी टीम बजट को अंतिम रूप देने में व्यस्त हैं। वित्त मंत्री 24 फरवरी को सदन में इसे पेश करेंगे।

बजट का आकार बढ़कर 1.62 लाख करोड़ तक जा सकता है
वित्तीय वर्ष 2025-26 का मूल बजट 1.45 लाख करोड़ रुपये था, लेकिन वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट का आकार लगभग 1.62 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। इसका मतलब है कि इस बार बजट पिछले वर्ष की तुलना में 8-10% अधिक होगा।

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए रणनीति की परीक्षा साबित होगा। सरकार इस दौरान अपनी उपलब्धियों को सदन में पेश करेगी, जिसमें मुख्य रूप से मंईया सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना और सर्वजन पेंशन जैसी योजनाओं को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में सामने रखा जाएगा।

बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। विपक्ष की ओर से बीजेपी और आजसू कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और पेसा कानून को लेकर सवाल उठाने की संभावना है। ऐसे में झारखंड विधानसभा का बजट सत्र इस बार काफी गर्म रहने की उम्मीद है। सभी की निगाहें 24 फरवरी पर टिकी हैं, जब सदन में झारखंड की आर्थिक दिशा का नया खाका पेश किया जाएगा।

Share This Article