NEWS PR डेस्क: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आवेदन का एक और मौका मिला है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 3 नवंबर 2026 कर दी है। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर निर्धारित की गई है। इस भर्ती के जरिए शिक्षा विभाग में विद्यालय अध्यापक के 33,320 पदों को भरा जाना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 9 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया फैसला
आयोग ने रमन कुमार मंडल एवं अन्य बनाम बिहार राज्य एवं अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 1 अगस्त 2025 को पारित आदेश के आलोक में आवेदन की समयसीमा बढ़ाई है। संबंधित मामले के याचिकाकर्ताओं को 29 अक्टूबर 2026 तक आयोग कार्यालय में अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि का प्रमाण, आधार संख्या और मोबाइल नंबर जमा करना होगा।
33,320 पदों पर होगी नियुक्ति
बता दें कि TRE-4.0 भर्ती के तहत पहले 32,388 पद निर्धारित किए गए थे। बाद में रिक्तियों में संशोधन कर 932 पद बढ़ाए गए, जिससे कुल पदों की संख्या 33,320 हो गई। संशोधित रिक्तियों में कक्षा 9वीं और 10वीं के लिए 493 पद जोड़े गए। इसके बाद इन कक्षाओं में पदों की संख्या बढ़कर 4,370 हो गई। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए 439 अतिरिक्त पद शामिल किए गए, जिससे कुल रिक्तियां 16,540 हो गईं।
पहले भी बदली जा चुकी हैं रिक्तियां
भर्ती प्रक्रिया के दौरान पदों की संख्या में कई बार संशोधन हुआ। 18 अगस्त को 32,388 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 24 अगस्त को 886 और 28 अगस्त को 111 पद जोड़े गए। इस तरह रिक्तियों की संख्या बढ़कर 33,385 हो गई थी।
हालांकि, एकल परीक्षा की मांग को लेकर अभ्यर्थियों के विरोध के बाद 31 अगस्त को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 22 सितंबर को 32,388 पदों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया फिर से जारी की गई। बाद में 932 अतिरिक्त पद जोड़कर कुल रिक्तियां 33,320 कर दी गईं।