NEWS PR डेस्क : पटना साहिब रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर आज एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। पति के साथ प्लेटफॉर्म पर पहुंची महिला दर्द से छटपटाने लगी, तभी मौके पर मौजूद बछवाड़ा–बरौनी की दो साधारण महिला यात्रियों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल मदद की और प्रसव कार्य को अपने हाथों से कराया जिसके बाद महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार प्रसव के बाद प्लेटफॉर्म पर रक्त फैला हुआ था और नवजात की साफ-सफाई भी नहीं हो पाई थी। इसकी जानकारी मिलते ही रेलवे के सुरक्षा बल—जीआरपी और आरपीएफ की महिला एवं पुरुष टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
सूचना मिलते ही इमरजेंसी टीम को कॉल किया गया, जिसके बाद लगभग 25 मिनट में एंबुलेंस स्टेशन पहुंची। महिला और नवजात को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित रूप से गिरिजा हॉस्पिटल भेजा गया। पुलिसकर्मी भी एंबुलेंस के साथ अस्पताल तक गए। महिला के पति पिंटू ने बताया कि जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित हैं.स्टेशन कर्मियों ने बताया कि इससे पहले भी एक लावारिस महिला ने प्लेटफॉर्म पर ही बच्चे को जन्म दिया था, जिसमें भी रेलवे सुरक्षा बल ने अहम भूमिका निभाई थी।