Rajya Sabha Chunav: पांच सीटों पर सियासी घमासान, तेजस्वी बोले– संख्याबल हमारे साथ

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होते ही सियासी पारा चढ़ गया है। सत्ता पक्ष एनडीए और विपक्षी महागठबंधन—दोनों खेमों में रणनीतिक बैठकों का दौर तेज हो गया है।

इस बीच राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजश्वी यादव पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा है कि महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्याबल है और उम्मीदवार का नाम जल्द तय कर लिया जाएगा।

बैठकें और रणनीति

गुरुवार को विधानसभा स्थित अपने कक्ष में तेजस्वी यादव ने घटक दलों के नेताओं और विधायकों के साथ बैठक की। माना जा रहा है कि महागठबंधन एकजुट होकर उम्मीदवार उतारने की रणनीति पर काम कर रहा है।

पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा, “राज्यसभा चुनाव को लेकर हमारी पूरी तैयारी है। हम चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। उम्मीदवार का फैसला जल्द कर लिया जाएगा। संख्याबल हमारे पक्ष में है।”

संख्याबल का गणित

अगर विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों पर नजर डालें तो राजद के 25, कांग्रेस के 6, वाम दलों के 3 और आईआईपी के 1 विधायक को मिलाकर महागठबंधन की कुल संख्या 35 होती है।

राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए आवश्यक मतों के लिहाज से महागठबंधन को अभी भी छह अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में उनकी नजरें अब AIMIM और BSP पर टिकी हैं। हालांकि इन दलों की ओर से अब तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।

NDA की स्थिति

दूसरी ओर एनडीए को भी मौजूदा समीकरण के अनुसार तीन अतिरिक्त वोटों की जरूरत बताई जा रही है। यदि अतिरिक्त उम्मीदवार उतारने या रणनीतिक मतदान का फैसला होता है तो गणित बदल सकता है।

निर्विरोध या मुकाबला?

अगर पांच सीटों पर सिर्फ पांच ही उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो चुनाव निर्विरोध हो सकता है। लेकिन यदि छठा या सातवां उम्मीदवार उतरता है तो मतदान तय माना जा रहा है।

ऐसे में आने वाले कुछ दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित होंगे। अब सबकी नजरें उम्मीदवारों की घोषणा और अंतिम संख्या बल के समीकरण पर टिकी हैं।

Share This Article