NEWS PR डेस्क : मोतिहारी (बिहार) में होली के दौरान पूर्व पैक्स अध्यक्ष चन्नू साह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे हाथ में शराब की बोतल लेकर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। इसके सामने आने के बाद राज्य में लागू शराबबंदी कानून को लेकर सवाल उठने लगे हैं और लोग कह रहे हैं कि इस तरह की घटनाएं कानून की खुलेआम अनदेखी दिखाती हैं।
बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच मोतिहारी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में मधुबन थाना क्षेत्र के तालिमपुर पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष चन्नू साह अपने कुछ साथियों के साथ हाथ में शराब की बोतल लिए हिंदी गानों पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि फर्स्ट बिहार-झारखंड इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो होली के मौके का है और करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। होली की पार्टी के दौरान जब शराब से जुड़ा एक गाना बजा, तो चन्नू साह बोतल हाथ में लेकर झूमने लगे। उसी समय वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुल सात लोग नजर आ रहे हैं। इनमें से तीन युवक एक-दूसरे को पकड़कर डांस कर रहे हैं, जबकि दो लोग जमीन पर बैठकर झूमते दिख रहे हैं। वहीं एक अन्य व्यक्ति कुर्सी पर बैठकर मस्ती करता नजर आता है। वीडियो में कई लोगों के हाथों में शराब की बोतलें भी साफ दिखाई दे रही हैं।
गौरतलब है कि बिहार में सख्त शराबबंदी कानून लागू है। ऐसे में इस तरह का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आम लोगों के खिलाफ शराब के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाती है, तो सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों के मामलों में भी समान रूप से जांच और कार्रवाई होनी चाहिए।