NEWS PR डेस्क: पटना: रोशनी, खुशियों और सुख-समृद्धि का महापर्व दीपावली आज रविवार को पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्तिक मास की अमावस्या पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक उत्साह का माहौल है। मान्यता है कि दीपावली की रात मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करने पर घर में सुख-समृद्धि और धन-वैभव का आगमन होता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अमावस्या तिथि आज सुबह 10:50 बजे से शुरू होकर सोमवार, 9 नवंबर को सुबह 11:20 बजे तक रहेगी। दीपावली के अवसर पर घरों, दुकानों, कार्यालयों और कारखानों में मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाएगी।दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के साथ धन के देवता कुबेर तथा मां सरस्वती की भी पूजा का विधान है। इसके अलावा पंचदेव, नवग्रह और मां अंबिका का पूजन भी किया जाएगा।
रंगीन रोशनी से जगमगाया शहर
बता दें कि दीपावली को लेकर शहर की रौनक देखते ही बन रही है। प्रमुख इमारतों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। वहीं, लोगों ने भी अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक रोशनी से जगमगा दिया है। बाजारों में भी पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
शुभ योग और नक्षत्र में मनाया जाएगा महालक्ष्मी पर्व
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस वर्ष दीपावली स्वाति नक्षत्र, आयुष्मान योग और सौभाग्य योग के संयोग में मनाई जाएगी। इस दौरान सूर्य और चंद्रमा दोनों तुला राशि में विराजमान रहेंगे। मान्यता है कि शुभ नक्षत्र और योग में मां लक्ष्मी-गणेश की पूजा, दीपदान, दान-पुण्य और खरीदारी करना शुभ फलदायी होता है।
लक्ष्मी पूजा के साथ गणेश पूजन का विशेष महत्व
दीपावली की रात मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश की पूजा का विशेष धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि मां लक्ष्मी धन-संपदा और वैभव प्रदान करती हैं, जबकि भगवान गणेश सभी विघ्नों को दूर कर कार्यों में सफलता का आशीर्वाद देते हैं।इसीलिए लक्ष्मी पूजा के साथ गणेश पूजन किया जाता है, ताकि जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे, धन प्राप्ति में कोई बाधा न आए, आयु और आरोग्य की प्राप्ति हो तथा सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों। बता दें कि दीपावली का यह पर्व केवल दीप जलाने का उत्सव नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, नकारात्मकता पर सकारात्मकता और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश भी देता है।