भागलपुर में बबलू मंडल हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर। एकचारी थाना क्षेत्र के एकचारी दियारा में हुए बबलू मंडल हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार बबलू मंडल खेत में पटवन (सिंचाई) करने के लिए गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और परिजनों में आक्रोश देखा गया।

मामले का खुलासा करते हुए भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जमीन बटाई को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक मृतक बबलू मंडल और आरोपियों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से तनातनी चल रही थी।

इसी रंजिश के चलते आरोपी बबलू मंडल ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार मंडल, शंभू कुमार, बबलू मंडल और सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो मास्केट, 19 जिंदा कारतूस और आठ खोखा भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Share This Article