मरीन ड्राइव पर दर्दनाक हादसा, खड़े ट्रक से टकराई कार,मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:Jamshedpur Road Accident: झारखंड के जमशेदपुर में गुरूवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा शहर के मरीन ड्राइव क्षेत्र में एनएच पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकरा गई। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।
खड़े ट्रक से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, मरीन ड्राइव इलाके में एनएच पर एक कार खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी तृषा सिंह की मौत की जानकारी
तृषा सिंह की मौत की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जमशेदपुर में हुए इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि एनएच पर हुए हादसे में उनकी साथी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की खबर से वह बेहद दुखी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख शब्दों से परे है। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह समेत हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कार खड़े ट्रक से कैसे टकराई, इसकी जांच की जा रही है। हादसे से जुड़े अन्य विवरणों की जानकारी का इंतजार है।

Share This Article