समृद्धि यात्रा के तहत अररिया पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जन संवाद में विकास कार्यों और नई योजनाओं का किया जिक्र

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: अररिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा के तहत अररिया जिले पहुंचे और अररिया कॉलेज परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में पिछले दो दशकों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए आने वाले वर्षों की योजनाओं की रूपरेखा भी साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब पहली बार एनडीए सरकार बनी, तब से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ और राज्य में विकास कार्यों को लगातार गति मिली। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे, लेकिन अब राज्य में शांति और भाईचारे का माहौल है।

शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सुधार किए हैं। बड़ी संख्या में नए स्कूल खोले गए और छात्र-छात्राओं को साइकिल एवं पोशाक योजना का लाभ दिया गया। उन्होंने बताया कि बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से 2 लाख 58 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और अब राज्य में कुल 5 लाख 24 हजार से अधिक सरकारी शिक्षक कार्यरत हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बहुत कम मरीज आते थे, जबकि अब हर महीने औसतन 11,800 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 6 से बढ़कर 12 हो गई है और कई नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य जारी है।

बुनियादी ढांचे में तेजी से विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़कों, पुल-पुलियों, रेल ओवरब्रिज और बाईपास का बड़े पैमाने पर निर्माण हुआ है। पहले सुदूर इलाकों से पटना पहुंचने में काफी समय लगता था, लेकिन अब बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण लगभग पांच घंटे में पटना पहुंचना संभव हो गया है।

कृषि और रोजगार पर विशेष जोर

उन्होंने बताया कि 2008 से लागू कृषि रोड मैप के तहत राज्य में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अनाज, फल-सब्जी, दूध, अंडा, मछली और मांस के उत्पादन में काफी वृद्धि हुई है और बिहार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय और सात निश्चय-2 योजनाओं के तहत युवाओं को रोजगार और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 40 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

सात निश्चय-3 के तहत नई योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों के लिए सात निश्चय-3 के तहत कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी। इसके अंतर्गत उद्योगों को बढ़ावा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, पर्यटन विकास, एक्सप्रेस-वे निर्माण, सोलर ऊर्जा को बढ़ावा और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन जैसे कदम उठाए जाएंगे।

अररिया जिले के विकास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अररिया जिले में पिछले वर्षों में कई विकास कार्य कराए गए हैं। यहां इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान, महिला आईटीआई, जीएनएम और पैरामेडिकल संस्थान की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा कई सड़कों का चौड़ीकरण, आरओबी निर्माण, प्रखंड कार्यालय भवनों का निर्माण और पर्यटन स्थलों के विकास पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों में अररिया जिले में भी कई नई योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे जिले के विकास को और गति मिलेगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री लेसी सिंह, मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article