NEWS PR डेस्क: गया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एंबुलेंस का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था। बांके बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध एंबुलेंस के जरिए नशे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 102 किलो मादक पदार्थ ‘डोडा’ बरामद हुआ।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सोमिया गांव निवासी 25 वर्षीय मनीष कुमार और शेरघाटी थाना क्षेत्र के चिलम गांव निवासी 20 वर्षीय मटुकन कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि एंबुलेंस का इस्तेमाल जांच से बचने के लिए किया जा रहा था।
इस घटना ने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर जीवनरक्षक सेवाओं का इस तरह दुरुपयोग कैसे हो रहा है। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही ह