DPO रूबी कुमारी पर EOU का शिकंजा, आय से 80% अधिक संपत्ति का आरोप; किशनगंज, कटिहार और पटना समेत 4 ठिकानों पर छापेमारी !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षा विभाग के सर्व शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी के ठिकानों पर मंगलवार सुबह से एक साथ छापेमारी की जा रही है। आय से 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में हुई इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, रूबी कुमारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने FIR दर्ज की थी। इसी मामले में जांच एजेंसी ने मंगलवार सुबह अलग-अलग टीमें गठित कर तलाशी अभियान शुरू किया।

सात साल में 11 जगहों पर खरीदी जमीन

प्रारंभिक जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी के मुताबिक, वर्ष 2018 से 2025 के बीच सात सालों में कटिहार जिले में 11 अलग-अलग जगहों पर जमीन खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। अब EOU की टीम इन संपत्तियों के स्रोत और खरीद में खर्च की गई रकम का हिसाब खंगाल रही है।

चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

आर्थिक अपराध इकाई की टीमें किशनगंज स्थित उनके आवास और कार्यालय के साथ कटिहार और पटना समेत कुल चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। इस दौरान बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, जमीन के कागजात और चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रूबी कुमारी की घोषित आय और उनके नाम पर अर्जित संपत्तियों के बीच कितना अंतर है।

EOU की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने आएगा। अब देखना होगा कि इस जांच में भ्रष्टाचार से जुड़े और कितने बड़े खुलासे होते हैं।

किशनगंज से मसरूर रईस की रिपोर्ट ;’–

Share This Article